नई दिल्ली, 15 अगस्त 2025: टेक्नोलॉजी जिस तेज़ी से आगे बढ़ रही है, हम उन हकीकतों के करीब पहुंच रहे हैं, जिन्हें कभी सिर्फ साइंस फिक्शन की कहानियों में देखा जाता था। रोबोट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एलियन्स जैसी कल्पनाओं से भरपूर यह कहानियां न सिर्फ हमें एक नई दुनिया दिखाती हैं, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर करती हैं कि अगर ये सब सच हो गया, तो इसका हमारी ज़िंदगी पर क्या असर होगा।
यहां हम आपको बता रहे हैं 5 ऐसी साइ-फाई किताबों के बारे में, जिन्हें बड़े पर्दे या ओटीटी पर रूपांतरित किया गया और जिन्होंने इंसानियत, समाज और भविष्य पर हमारी सोच बदल दी
1. Do Androids Dream of Electric Sheep – फिलिप के. डिक
यह मशहूर फिल्म Blade Runner की प्रेरणा है। कहानी एक ऐसे पोस्ट-एपोकैलिप्टिक भविष्य में सेट है, जहां ज्यादातर इंसान दूसरे ग्रहों पर जा चुके हैं। नायक रिक डेकर्ड एक बाउंटी हंटर है, जिसका काम है धरती पर बचे ऐसे एंड्रॉइड्स को खत्म करना, जो लगभग इंसानों जैसे दिखते हैं। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, इंसान और मशीन के बीच का फर्क धुंधला होता जाता है, और सवाल उठता है “आखिर इंसान होना क्या है?”
2. The Three-Body Problem – लियू सिक्सिन
21वीं सदी की सबसे चर्चित साइ-फाई नॉवेल्स में से एक। यह Remembrance of Earth’s Past त्रयी की पहली किताब है, जिसमें इंसानों का पहली बार एक एलियन सभ्यता से संपर्क होता है। कहानी सिर्फ विज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें राजनीतिक तनाव, नैतिक उलझनें और दार्शनिक सवाल भी शामिल हैं। इस पर आधारित नेटफ्लिक्स सीरीज़ 2024 में आई, जिसका दूसरा सीज़न बन रहा है।
3. Solaris – स्तानिस्लाव लेम
साइ-फाई क्लासिक मानी जाने वाली Solaris पर दो फिल्में बनी हैं, जिनमें से एक मशहूर निर्देशक आंद्रेई टारकोव्स्की की है। कहानी एक स्पेस स्टेशन पर काम कर रहे वैज्ञानिकों की है, जो एक अजीब से ग्रह Solaris पर फैले विशाल सागर जैसी बुद्धिमान सत्ता को समझने की कोशिश करते हैं। लेकिन यह सत्ता उनके अतीत की यादों को सामने लाकर उन्हें खुद से सामना करने पर मजबूर कर देती है।
4. Stories of Your Life and Others – टेड च्यांग
टेड च्यांग की यह शॉर्ट स्टोरीज़ का संग्रह विज्ञान और दर्शन को भावनात्मक गहराई के साथ जोड़ता है। इसमें शामिल Story of Your Life पर मशहूर फिल्म Arrival बनी है। कहानियां भाषा, समय और विश्वास जैसे विषयों के ज़रिए इंसान की भावनाओं और रिश्तों को नए दृष्टिकोण से दिखाती हैं।
5. Klara and the Sun – काज़ुओ इशिगुरो
नोबेल पुरस्कार विजेता काज़ुओ इशिगुरो की यह नॉवेल एक Artificial Friend क्लारा की कहानी है, जो एक स्टोर में इंसान द्वारा चुने जाने का इंतज़ार करती है। जब उसे एक बीमार किशोरी का साथी बनने का मौका मिलता है, तो वह उसे समझने और उसकी मदद करने में लग जाती है। यह किताब प्यार और अपनापन के मायनों पर सवाल उठाती है। इस पर फिल्म बन रही है, जिसका निर्देशन तायका वाइटीटी कर रहे हैं।
क्यों देखें/पढ़ें ये कहानियां?
ये सभी नॉवेल और इनके स्क्रीन वर्ज़न न सिर्फ तकनीकी भविष्य की झलक दिखाते हैं, बल्कि यह भी पूछते हैं कि हम इंसानियत को कैसे परिभाषित करते हैं। इन कहानियों में जितनी साइंस है, उतनी ही फिलॉसफी और इमोशन भी।